
ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर लगाया 6.09 लाख का चूना, हापुड़ के युवक से साइबर ठगी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):ऑनलाइन निवेश के नाम पर साइबर ठगी का एक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक से करीब 6 लाख 9 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। हद तो तब हो गई जब अपनी ही जमा पूंजी वापस निकालने के नाम पर कंपनी ने उससे 2 लाख रुपये अतिरिक्त विड्रॉल फीस मांग ली। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला हापुड़ के मोहल्ला नबी करीम का है, जहां के निवासी रवि कुमार को दिल्ली की अनीता नाम की एक युवती ने ‘ईजिस्टोरप्रो डॉट काम’ (easystorepro.com) नाम की कंपनी में निवेश करने का झांसा दिया था। रवि ने झांसे में आकर कंपनी में 6 लाख 9 हजार रुपये का निवेश कर दिया। कुछ समय बाद कंपनी ने उनका ऑनलाइन स्टोर यह कहकर फ्रीज कर दिया कि लंबित ऑर्डर क्लियर करने के बाद ही रकम निकालने की अनुमति मिलेगी। इन ऑर्डर्स की कीमत करीब दो से ढाई लाख रुपये बताई गई। जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने चाहे, तो कंपनी के हेल्पलाइन नंबर और व्हाट्सएप के जरिए उनसे विड्रॉल फीस के नाम पर 2 लाख रुपये और जमा करने का दबाव बनाया जाने लगा। लगातार पैसे मांगे जाने पर रवि को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी महेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और दस्तावेजों के आधार पर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
99 MINI MALL से खरीदें अधिकतर सामान मात्र 99/- में: 8191820867






















