
श्री रामलीला समिति (रजि.), हापुड़ द्वारा आयोजित श्री रामलीला महोत्सव में हुआ श्री राम-केवट संवाद का भावपूर्ण मंचन
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): श्री रामलीला समिति (रजि.), हापुड़ द्वारा आयोजित श्री रामलीला महोत्सव के अंतर्गत आज की लीला का शुभारंभ श्री रामचरितमानस जी एवं व्यास जी का विधिवत पूजन-अर्चन कर किया गया। इसके पश्चात परम श्रद्धेय श्री पवन देव चतुर्वेदी जी व्यास जी महाराज के सानिध्य में भगवान श्री राम जी के वनगमन प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण मंचन किया गया।
लीला के दौरान दर्शाया गया कि भगवान श्री राम जी श्रृंगवेरपुर पहुंचकर भीलों के राजा निषादराज से मित्रता करते हैं तथा सुमंत जी को अयोध्या वापस भेज देते हैं। इसके पश्चात प्रभु श्री राम जी माता सीता एवं लक्ष्मण जी के साथ वन की ओर प्रस्थान करते हैं। मार्ग में गंगा नदी पार करने के लिए प्रभु केवट से नाव द्वारा गंगा पार कराने का आग्रह करते हैं।
इस प्रसंग में केवट और प्रभु श्री राम जी के बीच हुए संवाद ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। केवट प्रभु से विनय करते हुए कहता है कि जिनके चरणों के स्पर्श से पत्थर की शिला अहिल्या बन गई, यदि उन्हीं चरणों का स्पर्श उसकी लकड़ी की नाव को हो गया, तो उसकी आजीविका का साधन भी बदल सकता है। इसलिए वह प्रभु के चरण पखारने की विनती करता है। अंततः भक्त की अनन्य भक्ति और प्रेम के आगे प्रभु श्री राम जी उसकी विनती स्वीकार कर लेते हैं तथा केवट को निर्मल भक्ति का वरदान प्रदान करते हैं।
इसके उपरांत भगवान श्री राम जी ऋषि भरद्वाज सहित अन्य संतों से मिलते हुए महर्षि वाल्मीकि जी के आश्रम पहुंचते हैं, जहां उन्हें कंद-मूल एवं फलों का भोग अर्पित किया जाता है। महर्षि वाल्मीकि जी के मार्गदर्शन में प्रभु श्री राम जी चित्रकूट को निवास के लिए उपयुक्त स्थान मानते हैं और मंदाकिनी नदी के तट पर स्थित चित्रकूट में विश्राम करते हैं।
श्री राम-केवट संवाद एवं वनगमन की लीला का मंचन देखकर उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। इस प्रसंग ने भक्तों को प्रभु श्री राम के प्रति निष्काम प्रेम, समर्पण, विनम्रता और सच्ची भक्ति का संदेश दिया।
इस अवसर पर समिति के प्रधान विनोद वर्मा, महामंत्री उमेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शुभम गोयल एडवोकेट, वरिष्ठ उप प्रधान सुयश वशिष्ठ संयोजक नवीन गुप्ता, रतनलाल नन्हे, देवेंद्र अग्रवाल डी.के., रविंद्र गुप्ता, मीडिया प्रभारी विमल वर्मा , रामकुमार गर्ग, हरिप्रकाश जिंदल, रवि गर्ग, प्रदीप सोनी, माधव वर्मा, ऋतिक त्यागी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365






















