
अस्पताल में बवाल: स्टाफ पर मारपीट का आरोप, मूक-बधिर युवक हुआ बेसुध
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर के एक निजी अस्पताल में मंगलवार देर शाम मरीज को देखने आए तीमारदार और अस्पताल कर्मियों के बीच विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई, जिसमें एक मूक-बधिर युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, वैठ गांव की निवासी मनतशा नाम की महिला अस्पताल में भर्ती थी। उसे देखने के लिए दौताई निवासी खालिद अपने परिजनों के साथ आया हुआ था। मूक-बधिर खालिद मरीज की बहन का पति (साढ़ू) है। अस्पताल परिसर में पहुंचते ही किसी बात को लेकर खालिद और अस्पताल कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई।
अस्पताल कर्मचारियों का कहना है कि युवक अचानक आक्रामक हो गया और वहां लगे शीशे तोड़ने लगा। जब स्टाफ ने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह दीवार से टकराकर नीचे गिर गया। दूसरी तरफ युवक के परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर जमकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि अस्पताल स्टाफ ने खुद को बचाने और उन्हें फंसाने की नीयत से अस्पताल के शीशे स्वयं तोड़े हैं।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट के मुताबिक, घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com





















