
धौलाना: हक के पैसे मांगे तो लाठी-डंडों से पीटा, जान से मारने की धमकी; 7 लोगों पर केस दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। जहां अपनी मेहनत की मजदूरी मांगना दो युवकों को भारी पड़ गया। मामूली विवाद में गांव के ही दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दोनों युवकों को बुरी तरह पीट दिया।
मामला कपूरपुर थाना क्षेत्र के नगला छज्जू गांव का है। पीड़ित अजय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 3 अक्टूबर की सुबह ठेकेदार संजय के जरिए काम पर गया था। शाम को काम खत्म होने के बाद जब उसने अपनी मजदूरी के पैसे मांगे, तो इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गांव के ही कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर अजय के घर पहुंच गए और हमला कर दिया। इस हमले में अजय और राजा को गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने जाते-जाते उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस से गुहार लगाई है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विनोद, शीशपाल, राजीव, पप्पू, आदर्श, आकाश और प्रशांत के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179





















