
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ स्थित चौधरी महेंद्र सिंह डिग्री कॉलेज के खेल प्रशिक्षक (Physical Fitness Expert) सौरभ तोमर को आगामी 17वीं जूनियर नेशनल चौक बॉल जो 8 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक एन एफ आर एस ए स्टेडियम पांडु मालीगांव गुहावटी असम में चैंपियनशिप में रेफरी (आधिकारिक तकनीकी निर्णायक) के रूप में नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका के लिए चुने जाने पर कॉलेज प्रशासन, खेल प्रेमियों और जनपद के युवाओं में भारी उत्साह और हर्ष की लहर है।
चौक बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा प्राप्त आधिकारिक आमंत्रण के बाद, सौरभ तोमर इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली टीमों के मैचों का संचालन करेंगे और रेफरी का मुख्य दायित्व संभालेंगे।
सौरभ तोमर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “राष्ट्रीय स्तर पर रेफरी के रूप में नियुक्त होना मेरे और हमारे कॉलेज परिवार के लिए बेहद सम्मान की बात है। राष्ट्रीय मंचों पर इस प्रकार की तकनीकी जिम्मेदारियां निभाने से जो अनुभव मिलता है, उसका सीधा लाभ हम अपने कॉलेज और जनपद के युवा खिलाड़ियों को तराशने में दे पाएंगे।”
इस विशेष उपलब्धि पर चौधरी महेंद्र सिंह डिग्री कॉलेज ट्रस्टी डॉ रेणुका चौधरी, प्राचार्य डॉ हरीश कुमार शर्मा और समस्त प्राध्यापकों ने सौरभ तोमर को बधाई दी है। कॉलेज प्रशासन ने उन्हें इस राष्ट्रीय दायित्व को सफलतापूर्वक निभाने के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि सौरभ तोमर की यह उपलब्धि कॉलेज के अन्य छात्रों और युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179





















