
क्लासरूम में गिरा छत का मलबा, कोई हताहत नहीं
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के कपूरपुर क्षेत्र के सपनावत गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय-2 में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बृहस्पतिवार सुबह स्कूल खुलने से ठीक पहले एक कक्षा की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय बच्चे क्लासरूम में मौजूद नहीं थे। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए। जब अंदर जाकर देखा गया, तो जिस सीट पर बच्चे बैठते हैं, ठीक वहीं पर मलबा बिखरा पड़ा था। ग्रामीणों ने इस लापरवाही पर गहरा रोष जताया है। घटना का एक वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विभाग के अनुसार, हाल ही में हुई बारिश के कारण छत कमजोर हो गई थी। मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी पंकज चतुर्वेदी ने बताया कि हादसा स्कूल खुलने से पहले हुआ, जिससे किसी बच्चे को चोट नहीं आई है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365




















