
हापुड़ में बारिश और तेज हवा ने किसानों की बढ़ाई चिंता, धान की फसल प्रभावित
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ जनपद में हुई बारिश और तेज हवाओं का असर अब खेतों में दिखाई देने लगा है। बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में धान की फसल खेतों में झुक गई है। फसल के गिरने से किसानों को नुकसान की चिंता सताने लगी है। धान की फसल इस समय तैयार होने की स्थिति में है, ऐसे में तेज हवा और बारिश के कारण पौधों के जमीन पर झुक जाने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। किसानों का कहना है कि यदि फसल ज्यादा समय तक खेत में गिरी रही तो उत्पादन और कटाई दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
वहीं, ग्राम कन्या कल्याणपुर में ग्रामीण सुखबीर त्यागी के खेत में बारिश और तेज हवा का असर गन्ने की फसल पर भी देखने को मिला। बताया गया कि उनके पूरे खेत की गन्ने की फसल गिर गई, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है। खेत में बड़ी संख्या में गन्ने के पौधे जमीन पर झुके नजर आ रहे हैं।
हालांकि बारिश से किसानों को कुछ राहत भी मिली है। खेतों में पर्याप्त नमी होने से आगामी रबी सीजन की तैयारियों में फायदा मिलने की उम्मीद है। बारिश के कारण मिट्टी में नमी बनी है, जिससे रबी की फसलों की बुवाई के लिए खेत तैयार करने में किसानों को मदद मिल सकती है लेकिन फिलहाल धान और गन्ने की फसल को हुए नुकसान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों को उम्मीद है कि मौसम साफ होने के बाद फसल को संभालने और नुकसान का आकलन करने का मौका मिलेगा। वहीं, प्रभावित किसानों को फसल नुकसान का उचित सर्वे और मुआवजा मिलने की भी उम्मीद है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365





















