
कैश गिनने का झांसा देकर ठगी करने वाला शातिर चढ़ा पुलिस के हत्थे
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भोले-भाले लोगों को अपनी बातों में फंसाकर और कैश गिनने के बहाने ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी बैंक, एटीएम या भीड़भाड़ वाले इलाकों के आसपास ऐसे लोगों को अपना शिकार बनाता था जो नकदी लेकर जा रहे होते थे। आरोपी खुद को मददगार बताकर उनसे पैसे गिनवाने के बहाने हाथ में लेता और हाथ की सफाई दिखाते हुए रकम में से कुछ पैसे पार कर देता या जाली/कम नोट थमाकर रफूचक्कर हो जाता था। आरोपी की पहचान नासिर खान पुत्र फतेह खान, निवासी गरिमा गार्डन, जन्नती मस्जिद के पास, थाना टीला मोड़, जिला गाजियाबाद, उम्र करीब 55 वर्ष के रूप में हुई है। जिसे पुलिस ने आईटीआई कॉलेज के पास एनएच-09 की ओर जाने वाली सड़क पर करीब 20 कदम की दूरी से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दोनों मामलों से संबंधित कुल 8,250 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि बैंकों, एटीएम या सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें और न ही अपनी नकदी या अन्य कीमती सामान किसी अज्ञात व्यक्ति के हाथ में सौंपें।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़





















