
हापुड़, सीमन / हर्ष त्यागी (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के हाफिजपुर क्षेत्र के गांव अकडोली के रहने वाले ग्रामीण शनिवार को हापुड़ की पुरानी कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को शिकायत पत्र देकर बंद किए गए रास्ते के खिलाफ शिकायत दी और रास्ता खुलवाने की मांग उठाई।
ग्रामीण एकत्र होकर पुरानी कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों को बताया कि खसरा संख्या 257 में करीब 12 परिवार वर्ष 1999 से गांव अकडोली में रह रहे हैं। उनके घर से झोपड़ियों तक आने जाने का एकमात्र रास्ता खसरा संख्या 258 से है। हालांकि यह खसरा ग्राम प्रधान की पत्नी के नाम निजी भूमि है। इस रास्ते का इस्तेमाल सभी 12 परिवार पिछले करीब 27 वर्षों से कर रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि अब रास्ता बंद हो गया है। ग्रामीणों की मांग है कि रास्ते को खुलवाया जाए। हालांकि ग्रामीणों ने यह बताया कि चुनाव के दौरान ग्राम प्रधान ने उनसे अपनी जमीन में से 25 फीट का रास्ता देने का वादा किया था। फिलहाल ग्रामीणों ने अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की है। इस दौरान सुरजीत, हिर सिंह, कुंवर पाल आदि मौजूद रहे।




















