
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को पिलखुवा पहुंचेंगे, जहां वे भाजपा की वरिष्ठ नेत्री लज्जा रानी गर्ग के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री करीब दोपहर 12:40 बजे रामलीला मैदान के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे कृष्णागंज स्थित गांधी रोड के आवास के लिए रवाना होंगे, जहां करीब 12:55 बजे परिजनों से मुलाकात का कार्यक्रम है।
परिजनों से मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री जनपद में चल रही विकासशील और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।
निरीक्षण के बाद वे रामलीला मैदान के हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे।
बताया गया है कि केशव प्रसाद मौर्य का पिलखुवा दौरा पहले शुक्रवार को प्रस्तावित था, जिसके लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा समेत तमाम तैयारियां पूरी कर ली थीं। हालांकि किसी कारणवश दौरा स्थगित हो गया था।
अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को उपमुख्यमंत्री के पिलखुवा पहुंचने का कार्यक्रम है।




















