
सिंभावली : ‘मदद’ करने आए अज्ञात व्यक्ति ने बुजुर्ग को लगाया हजारों का चूना
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहाँ बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे एक बुजुर्ग को मदद का झांसा देकर ठगी का शिकार बना लिया गया। शातिर ठग ने रुपये गिनने के बहाने बुजुर्ग के हाथ से नोटों की गड्डी ली और पलक झपकते ही 9,500 रुपये पार कर दिए।
मामला सिंभावली थाना क्षेत्र स्थित एक बैंक शाखा का है। गांव अकबरपुर के रहने वाले उदयवीर सिंह बुधवार को बैंक में 50,000 रुपये निकालने पहुंचे थे। कैश काउंटर से रुपये लेने के बाद वे नोटों की गड्डी लेकर खड़े ही थे कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया। आरोपी ने बुजुर्ग होने का हवाला देते हुए उनसे हमदर्दी दिखाई और रुपये गिनने में मदद की पेशकश की।
पीड़ित बुजुर्ग उसकी बातों में आ गए और गड्डी उसे थमा दी। इसी दौरान आरोपी ने बड़ी सफाई से 500-500 रुपये के 19 नोट गड्डी से निकालकर जेब के हवाले कर दिए और बाकी पैसे लौटाकर मौके से खिसक गया।
शातिर ठग के जाने के बाद जब उदयवीर सिंह ने दोबारा पैसे गिने, तो उसमें से 9,500 रुपये कम निकले। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत सिंभावली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। सीओ राहुल यादव ने बताया कि बैंक में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्ध आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
99 MINI MALL से खरीदें अधिकतर सामान मात्र 99/- में: 8191820867






















