
चोरों का धावा: सात नलकूपों से कीमती सामान चोरी, किसानों में आक्रोश
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। जहाँ नवादा गांव के जंगलों में चोरों ने एक ही रात में सात नलकूपों को निशाना बनाते हुए लाखों के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे, तो नलकूपों के टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना मंगलवार रात की है। नवादा निवासी किसान चंद्रवीर ने बताया कि उन्होंने सिंचाई के लिए अपने खेत में नलकूप लगा रखा है। मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने नलकूप के कमरे का ताला तोड़ दिया और अंदर रखे बिजली के तार व अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
चोरों ने सिर्फ चंद्रवीर ही नहीं, बल्कि नवादा के किसान सरदार सिंह, विनय बैंसला, सुमित, देवेंद्र, चमन सिंह और पास के गांव बक्सर निवासी ऋषिपाल सिंह के नलकूपों को भी निशाना बनाया। बुधवार सुबह जब किसान खेतों में पहुंचे, तब इस बड़ी चोरी का खुलासा हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। इस संबंध में सीओ राहुल यादव का कहना है कि मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है और जल्द ही चोरों को ढूंढकर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
जीपीएस की मदद से दिल्ली से चोरी हुई गाड़ी पकड़ी, आप भी लगवाएं जीपीएस ट्रैकर: 8126293996





















