
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में बलिया के थाना बांसडीह पुलिस ने दबिश दी जहां गांव कोटा हरनाथपुर में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। मामले में बाबूगढ़ पुलिस ने बलिया जनपद में तैनात दरोगा सूरज पटेल की तहरीर के आधार पर कपिल सिंह पुत्र हाकम सिंह, हाकम सिंह पुत्र हरदम सिंह, गोलू उर्फ ऋतिक पुत्र बिल्लू निवासीगण ग्राम कोटा हरनाथपुर बाबूगढ़ व एक अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।
एफआईआर के मुताबिक, बलिया जिले के थाना बांसडीह में तैनात उपनिरीक्षक सूरज पटेल एक मुकदमे में वांछित आरोपी कपिल सिंह की गिरफ्तारी और दबिश के लिए पुलिस टीम के साथ बाबूगढ़ पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की रात आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया गया।
एफआईआर में आरोप है कि आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ाने के लिए उसके परिजन और कुछ अन्य लोग पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करने लगे और आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कुछ परिजनों और अन्य लोगों ने पुलिस टीम को धमकी भी दी। इस दौरान आरोपी पुलिस की पकड़ से छूटकर फरार हो गया।
मामले में कपिल सिंह, पिता हाकम सिंह, गोलू और अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना निरीक्षक रोहित कुमार को सौंपी गई है।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)





















