
हापुड़: घर के बाहर खड़ी कार चोरी, अंदर रखे थे लाखों के रेडीमेड कपड़े; CCTV में कैद चोर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काली मस्जिद किला कोना में रविवार देर रात शातिर चोर घर के बाहर खड़ी कार चोरी कर फरार हो गया। कार में लाखों रुपये कीमत के रेडीमेड कपड़े, लोअर और टी-शर्ट रखे हुए थे। चोरी की पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला निवासी जावेद रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करते हैं। रविवार रात करीब 8 बजे वह गाजियाबाद से बाजार खत्म कर कार से अपने घर पहुंचे थे। कार में कपड़ों का माल रखा हुआ था। घर पहुंचने के बाद उन्होंने कार घर के बाहर खड़ी की और सोने चले गए।
रात करीब ढाई बजे एक अज्ञात चोर मौके पर पहुंचा और कार को लेकर फरार हो गया। सोमवार सुबह जावेद की नजर कार पर पड़ी तो कार गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी कार का पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध कार ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पीड़ित की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सीओ दीपक चतुर्वेदी के अनुसार, CCTV फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*




















