
रिक्रूट आरक्षी द्वारा की गई आत्महत्या का मामला: एसपी ने परिजनों से की मुलाकात
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के धौलाना थाने में ड्यूटी के दौरान तैनात एक रिक्रूट आरक्षी द्वारा अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या करने के मामले में एसपी ने परिजनों से मुलाक़ात की और सांत्वना दी। घटना रविवार सुबह की है। गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो आरक्षी आशीष कुमार जमीन पर पड़ा मिला। उसके पास सरकारी रायफल और बेयोनेट बरामद हुई।
आनन-फानन में घायल आरक्षी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने तत्काल अस्पताल और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि आशीष कुमार वर्ष 2025 बैच का रिक्रूट आरक्षी था और मूल रूप से आगरा की फतेहाबाद तहसील के निबोहरा थाना क्षेत्र के गांव हीरापुर का रहने वाला था। घटना से पहले वह फोन पर किसी से बातचीत कर रहा था। फोन पर बातचीत खत्म होने के कुछ देर बाद उसने यह कदम उठाया।
पुलिस को मौके से छह पन्नों का हस्तलिखित नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नोट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचकर एसपी ने मृतक आरक्षी के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना देते हुए दिवंगत आत्मा के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़






















