
लाठी-डंडों से दंपत्ति को पीटा, महिला को आए 11 टांके
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ब्रह्मगढ़ी गांव में वीडियो क्लिप बनाने का विरोध करने पर दबंगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें महिला के सिर में 11 टांके आए हैं। मामले में SP के कड़े रुख के बाद 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना 7 सितंबर की रात की बताई जा रही है। पीड़िता काजल के मुताबिक, उसके पिता संजय कुमार जब घर लौट रहे थे, तो रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपी संदीप (पुत्र दीपचंद) ने उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
जब संजय ने इसका विरोध किया, तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट पर उतारू हो गया। चीख-पुकार सुनकर जब संजय की पत्नी उन्हें बचाने पहुंचीं, तो आरोपी के पक्ष से रेशमा, पुनीत, दीपचंद और अरुण भी वहां आ पहुंचे। और हमलावरों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से दंपत्ति पर हमला बोल दिया। इस हमले में महिला को सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद डॉक्टरों को 11 टांके लगाने पड़े।
एसपी के सख्त आदेश के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179



















