
वन्य अभ्यारण के इको-सेंसिटिव जोन में बिना अनुमति काटी जा रही अवैध प्लॉटिंग, मुख्य गेट पर चस्पा किया नोटिस
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव शाहपुर चौधरी में हस्तिनापुर वन्यजीव अभ्यारण्य के इको-सेंसिटिव जोन में चल रही ‘गंगा काउंटी’ नाम की प्लॉटिंग के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बिना अनुमति प्लॉटिंग किए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर किए जाने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग के मुख्य गेट पर नोटिस चस्पा कर दिया। कार्रवाई के बाद अवैध प्लॉटिंग से जुड़े कारोबारियों और भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
आपको बता दें कि हापुड़ की डॉ. अब्दुल कलाम एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी के चेयरमैन आबिद हुसैन ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि हस्तिनापुर वन्यजीव अभ्यारण्य के इको-सेंसिटिव जोन में निर्धारित नियमों और प्रतिबंधों का पालन किए बिना ‘गंगा काउंटी’ नाम से प्लॉटिंग की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने मामले की जांच शुरू की। गुरुवार को वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए प्लॉटिंग के मुख्य प्रवेश द्वार पर नोटिस लगा दिया। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से प्लॉटिंग करने वालों में खलबली मच गई है।
गढ़मुक्तेश्वर के वन अनुभाग अधिकारी विपिन कुमार भाटी ने बताया कि ‘गंगा काउंटी’ प्लॉटिंग को लेकर नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित भूमि हस्तिनापुर वन्यजीव अभ्यारण्य के इको-सेंसिटिव जोन में आती है और प्लॉटिंग के लिए वन विभाग से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग की ओर से नोटिस की एक प्रति उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी, गढ़मुक्तेश्वर को भी भेजी गई है, ताकि मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464


















