
करंट से झुलसे संविदाकर्मी की मौत, एसएसओ व जेई पर गंभीर आरोप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव हरोड़ा में शनिवार को करंट से झुलसने के बाद संविदाकर्मी भीम की मौत के मामले में दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मृतक के भाई राकेश ने ऊर्जा निगम के एसएसओ अमरीश और जेई राजेश पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
राकेश का आरोप है कि उनके भाई भीम उर्फ पप्पन हरोड़ा बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। आरोप है कि अमरीश और जेई राजेश ने शटडाउन लेने के बाद भी बिजली आपूर्ति चालू कर दी, जिसके चलते भीम करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई का यह भी आरोप है कि दोनों अधिकारियों से उनका विरोध चल रहा था, जिसके कारण अमरीश उनसे रंजिश मानने लगा था। शनिवार को अमरीश ने उनके भाई को ट्रांसफार्मर पर काम करने के लिए भेजा था।
राकेश के अनुसार, उनके भाई काम शुरू करने से पहले बिजलीघर में स्थित गांव भरना की मशीन पर शटडाउन प्लेट रखकर गए थे। आरोप है कि इसके बावजूद अमरीश ने रंजिशन प्लेट हटाकर लाइन चालू कर दी।
पीड़ित पक्ष ने घटना के लिए अमरीश और राजेश को जिम्मेदार ठहराया है। सीओ राहुल यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
दातों की झनझनाहट को नजरअंदाज ना करें, नि:शुल्क सलाह के लिए कॉल करें: 7668219093, 9997097671


















