
हापुड, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर पांच लाख रुपये दहेज मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि मामला थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला पन्नापुरी का है। यहां रहने वाली आकांक्षा ने बताया कि उसका विवाह 23 सितंबर 2020 को गढ़मुक्तेश्वर निवासी नितिन उर्फ राजा के साथ हुआ था। दंपति के दो बच्चे भी हैं। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की गई और 26 दिसंबर 2025 को उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद से विवाहिता अपने मायके में रह रही है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।



















