
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र की धनोरा रोड पर 18 अगस्त की सुबह गौरव त्यागी निवासी मोहम्मदपुर आजमपुर बाबूगढ़ की हत्या में शामिल सातवें आरोपी अनुज उर्फ गोल्डी ने गाजियाबाद स्थित न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। हालांकि इससे पहले पुलिस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस सभी आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध करने की तैयारी कर रही है।
आपको बता दें कि एक पुराने मामले में आरोपियों ने 18 अगस्त की सुबह फतेह सिंह के इकलौते पुत्र गौरव त्यागी की हथौड़े से पीट-पीट कर निर्मम हत्या की थी। गांव के ही अमित, प्रदीप, कुलदीप, जसवंत, अनुज उर्फ गोल्डी ने गौरव की बाइक में टक्कर मारकर गौरव को नीचे गिरा दिया और सरिए, हथोड़े, लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। गौरव की हत्या के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सात नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया और एक दिन बाद जगबीर, जयपाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद पुलिस ने न्यायालय में आत्म समर्पण करने के लिए जाते समय आरोपी अमित और कुलदीप को कचहरी गेट से पकड़ा जबकि प्रदीप को एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार कर लिया। प्रदीप के पैर में गोली लगने से वह घायल हुआ था। उसके पश्चात पुलिस ने छठे आरोपी जसवंत को भी पकड़ लिया जबकि फरार सातवें 25 हजार के इनामी आरोपी ने मंगलवार को गाजियाबाद स्थित न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया।


















