
प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए ‘सक्षम’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), हापुड़ द्वारा जनपद के प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए ‘सक्षम’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रधानाध्यापकों को विद्यालय नेतृत्व की नवीन अवधारणाओं, मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण, विभागीय समन्वय, सामुदायिक सहभागिता तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के क्षेत्र में अधिक सक्षम बनाना रहा।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन बैचों में आयोजित किया गया, जिसमें जनपद के लगभग 300 प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ विद्यालय प्रबंधन एवं नेतृत्व को प्रभावी बनाने के लिए व्यावहारिक जानकारी और रणनीतियाँ प्रदान की गईं।
प्रशिक्षण के दौरान मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को विशेष महत्व दिया गया। प्रधानाध्यापकों को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने, तनावपूर्ण परिस्थितियों की पहचान करने तथा विद्यालय में सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण निर्मित करने के उपायों से अवगत कराया गया। साथ ही, प्रधानाध्यापकों की जिम्मेदारियों एवं नेतृत्वकारी भूमिका पर चर्चा करते हुए उन्हें विद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद की मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने भी प्रतिभागियों के बीच उपस्थित होकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रधानाध्यापकों को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर नेतृत्व, नवाचार तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया और प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम डायट हापुड़ की प्राचार्य ज्योति दीक्षित, वरिष्ठ प्रवक्ता रेशम एवं मोहम्मद रशीद आदि उपस्थित रहे।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365




















