
चाइनीज़ मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार युवक का गला काटा
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र में फिरोज बिल्डिंग के पास चाइनीज मांझे की वजह से एक बाइक सवार घायल हो गया। शाम करीब 6:30 बजे बाइक से जा रहे युवक शोएब के गले में अचानक हवा में लहराता चाइनीज मांझा उलझ गया, जिससे उसका गला कट गया। घायल की पहचान शोएब निवासी मोहल्ला भंडापट्टी, बुलंदशहर रोड के रूप में हुई है।
पीड़ित शोएब ने बताया कि वह किसी काम से बाइक पर जा रहे थे। तभी अचानक मांझा उनके गले में फंस गया। मांझे को हटाने की कोशिश में उनकी उंगलियां भी बुरी तरह जख्मी हो गईं।
गले से तेज खून बहता देख युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए कपड़े से खून साफ किया और गले पर कपड़ा बांध लिया। इसके बाद वह किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजन तुरंत घायल युवक को चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने गले पर टांके लगाए और प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर रोक लगाने की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069




















