
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): 15 अगस्त 2026 को 80 वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रोटरी क्लब हापुड़ द्वारा रोटरी भवन, नवज्योति कॉलोनी, गढ़ रोड़, हापुड़ में भव्य ध्वजारोहण एवं राष्ट्र-उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और देशभक्ति के गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुआ जहाँ उपस्थित सभी सदस्यों ने देश की आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की समृद्धि, एकता एवं अखंडता का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रो.सचिन चौधरी, कोषाध्यक्ष रो.विकास गर्ग, सचिव रो.हरेंद्र त्यागी, रो.संजय त्यागी, रो.राजीव चौधरी, रो.अल्ताफ, रो.हेमराज त्यागी, रो. एडवोकेट के. के. गुप्ता, रो.डॉ. संजीव वशिष्ट, रो.धर्मेंद्र त्यागी, रो.अजय सोढ़ा, रो.डॉ. संजय राय व अन्य रोटेरियंस ने ध्वजारोहण कर राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट किया। वरिष्ठ सदस्य रो. एड0 के.के.गुप्ता व रो. संजय त्यागी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
समारोह में समाज सेवा और आपसी भाईचारे का संदेश प्रमुखता से रखा गया। कार्यक्रम के उपरांत अल्पाहार व मिष्ठान वितरण हुआ। अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर देश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे ले जाने की शपथ ली और इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय पर्व का समापन किया।



















