
जीएस विश्वविद्यालय में राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
- हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):तिरंगा फहराकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति का लिया संकल्प; विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम
पिलखुवा स्थित जीएस विश्वविद्यालय, पिलखुवा के प्रांगण में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जीएस विश्वविद्यालय के चांसलर गंगा शरण शर्मा, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शशि शर्मा एवं प्रो-चांसलर डॉ. अंकित शर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान हुआ, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और उत्साह की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
समारोह को संबोधित करते हुए चांसलर गंगा शरण शर्मा ने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीम भावना का परिणाम होती है। उन्होंने जीएस विश्वविद्यालय, जीएस कैंसर संस्थान एवं जीएस मेडिकल कॉलेज की प्रगति में योगदान देने वाले प्रत्येक कर्मचारी एवं सहयोगी के परिश्रम और निष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीएस विश्वविद्यालय और हमारे अन्य संस्थानों की प्रत्येक उपलब्धि पूरी टीम की अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम है। संस्था ने निरंतर प्रगति की है और जीएस मेडिकल कॉलेज में सीटों की वृद्धि भी इसी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए संस्था निरंतर प्रयासरत रहेगी।
सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शशि शर्मा ने अपने संबोधन में देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जीएस परिवार के सभी सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
प्रो-चांसलर डॉ. अंकित शर्मा ने विद्यार्थियों को नई पीढ़ी की जिम्मेदारियों और बदलते दौर के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें शिक्षा, अनुशासन, सकारात्मक सोच तथा राष्ट्रहित की भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। विद्यार्थियों ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता और राष्ट्रप्रेम को अपने नृत्य, गीत, कविताओं एवं भाषणों के माध्यम से प्रस्तुत किया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। पूरा परिसर देशभक्ति के नारों एवं तालियों की गूंज से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शरद गोयल, सीएचए डॉ. एस. कुमार, उपनिदेशक नवनीत भारद्वाज, मनोज शिशौदिया, एस.एन. सिंह, जीएस आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की प्रधानाचार्य डॉ. भावना, एचआर हेड रवि बंसल, ऑपरेशन एजीएम मोहित, चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर हरेंद्र सिंह, आरआई बिजेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010





















