
हापुड़, सीमन / रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली पुलिस की एक बदमाश को अस्पताल ले जाते समय सोमवार की रात मुठभेड़ हो गई। दरअसल एक लाख के ईनामी बदमाश को पुलिस अस्पताल ले जा रही थी कि उसने पुलिस की पिस्टल छीन कर भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस की गोली से आरोपी घायल हो गया जिसे अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
ज्ञात हो कि 15 दिसंबर 2025 को पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में कलेक्शन एजेंट से हुई 85 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने घटना में शामिल 10 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं घटना में फरार चल रहे बदमाश इस्तकार पुत्र काबली निवासी सुल्तानपुर थाना नौगांव सादात जनपद अमरोहा को जनपदीय स्वाट पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार कर थाना पिलखुवा लाया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा पेट में दर्द का बहाना बनाया गया। इसके बाद पुलिस उसे अस्पताल ले जाने लगी लेकिन बदमाश ने पुलिस गिरफ्त से भागने की योजना बनाई जो असफल हो गई। बदमाश ने मौका देखकर पुलिस से पिस्टल छीन कर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्परता से मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। फायरिंग में एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार हो गया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने छीनी पिस्टल मय नौ खोखा, एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को सीएचसी में भर्ती कराया जिसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ डकैती, लूट आदि धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।




















