
छात्रवृति के लिए पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
हापुड, सूवि(ehapurnews.com): जिलाधिकारी हापुड की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृति योजनाओं के वर्ष 2026-27 के सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक हापुड, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पिछडा वर्ग कल्याण अधिकारी व जनपद के राजकीय, अशासकीय सहायता
प्राप्त, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक का उद्देश्य शासन द्वारा निर्धारित छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं की समय-सारिणी, आवेदन प्रक्रिया, ऑनलाइन सत्यापन, आधार प्रमाणीकरण तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान करना एवं सभी शिक्षण संस्थानों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर छात्रवृत्ति संबंधी कार्यवाही पूर्ण कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बैठक में बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं की ऑनलाइन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएगी। पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) के छात्र-छात्राओं के लिए शासन द्वारा विस्तृत समय सारिणी जारी कर दी गई है। नोडल व प्रधानाचार्य का मास्टर डाटा स्कालरशिप की साइट पर जाकर 05 अगस्त 2026 तक सेव करना है व कक्षा 10 एवं 12 के छात्र-छात्राओं के लिए नवीनीकरण (Renewal) की अंतिम तिथि 25 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है, जबकि नवीन (Fresh) आवेदन 21 सितंबर, 2026 तक किए जा सकेंगे। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थाओं को निर्देशित किया कि किसी भी छात्र का आवेदन निर्धारित समय के बाद लंबित न रहे।
बैठक में छात्रवृत्ति पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की अनिवार्यता पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक छात्र-छात्रा को आवेदन करने से पूर्व OTR कराना आवश्यक होगा। OTR के उपरांत ही छात्र छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया कि वे अपने विद्यालयों के विद्यार्थियों को OTR प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा आवश्यकता पडने पर विद्यालय स्तर पर सहयोग भी प्रदान करें।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (e-KYC) को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि जिन विद्यार्थियों का आधार प्रमाणीकरण पूर्ण नहीं होगा, उनके आवेदन में समस्या उत्पन्न हो सकती है। इसलिए सभी छात्र-छात्राओं को अपने आधार से जुड़े मोबाइल नंबर सक्रिय रखने तथा समय रहते बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि छात्रवृत्ति आवेदन के साथ लगाए जाने वाले आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, अंकतालिका, आधार कार्ड एवं बैंक खाते का विवरण पूर्णतः सही एवं अद्यतन होना चाहिए। यदि किसी छात्र का आय, जाति अथवा निवास प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं है अथवा उसकी वैधता समाप्त हो चुकी है, तो संबंधित प्रमाण-पत्र तत्काल बनवाए जाएं ताकि आवेदन निरस्त होने की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों से शासन द्वारा निर्धारित समय सारिणी का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने, छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने तथा पात्र छात्र-छात्राओं को समयबद्ध रूप से योजना का लाभ दिलाने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा से जोडने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। अतः सभी संबंधित विभाग एवं शिक्षण संस्थान आपसी समन्वय स्थापित करते हुए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें, जिससे जनपद हापुड में छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264























