
‘सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित से ही बनेगा विकसित भारत’ जी.एस. विश्वविद्यालय एवं विश्व हिन्दू परिषद के तीन दिवसीय ‘आरोहण’ कार्यक्रम का भव्य समापन, युवाओं से उत्कृष्ट चिकित्सक के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): पिलखुवा, हापुड़। जी.एस. विश्वविद्यालय एवं विश्व हिन्दू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय “आरोहण” कार्यक्रम का रविवार को प्रेरणादायी वातावरण में भव्य समापन हुआ। समापन दिवस पर सेवा, चिकित्सा, राष्ट्रहित, विद्यार्थी जीवन और नैतिक मूल्यों जैसे विषयों पर देश के प्रतिष्ठित संतों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने युवा चिकित्सा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न मेडिकल संस्थानों के एमबीबीएस, बीडीएस एवं बीएएमएस के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र “सेवा : चिकित्सा विद्यार्थी के दृष्टिकोण से” विषय पर संत अनंत वीर्य दास जी ने चिकित्सा सेवा के आध्यात्मिक, नैतिक एवं मानवीय आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक के लिए सबसे पहली जिम्मेदारी स्वयं को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सक्षम बनाना है, क्योंकि जो स्वयं सक्षम होगा, वही दूसरों की प्रभावी सेवा कर सकेगा। उन्होंने कहा कि समाज का एक बड़ा वर्ग अपनी समस्याओं का समाधान स्वयं नहीं कर सकता, इसलिए चिकित्सक केवल उपचारकर्ता नहीं, बल्कि करुणा, सेवा और मानवता के संवाहक भी होते हैं। चिकित्सा सेवा को उन्होंने ईश्वर की सर्वोच्च सेवा की संज्ञा देते हुए विद्यार्थियों से संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
द्वितीय सत्र एक संवादात्मक परिचर्चा के रूप में आयोजित हुआ, जिसमें मैक्स हॉस्पिटल के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी निदेशक डॉ. मनीष भूषण पांडेय, रूहेलखंड विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. अर्जुन तथा जी.एस. विश्वविद्यालय की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. रूपाली शर्मा ने विद्यार्थियों से खुलकर संवाद किया। विशेषज्ञों ने चिकित्सा शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, अनुसंधान, अत्याधुनिक तकनीकों, नैतिक चिकित्सा पद्धति तथा रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं पर अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
तृतीय सत्र “राष्ट्रहित और विद्यार्थी जीवन” विषय पर आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख डॉ. हरीश तथा हरियाणा सरकार के पूर्व सलाहकार एवं राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से जुड़े डॉ. योगेन्द्र मलिक ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यही वह कालखंड है जिसमें व्यक्तित्व, चरित्र, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व का निर्माण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान के साथ संस्कार और सेवा-भाव को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
समापन समारोह में एमएलएसी एवं चांसलर नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के संस्थापक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा हमे जीना है तो राष्ट्र के लिए और मरना है तो राष्ट्र के लिए, कार्यक्रम की अध्यक्षता जी.एस. विश्वविद्यालय के चांसलर गंगा सरन शर्मा ने की। इस अवसर पर जी.एस. विश्वविद्यालय के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शशि शर्मा, के.डी. विश्वविद्यालय, मथुरा के प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल, के.एम. विश्वविद्यालय, मथुरा के चांसलर किशन चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक, हापुड़ विनीत भटनागर, डॉ अंकित शर्मा, डॉ गौरव सिंह डॉ. सुधांशु यज्ञदत्त शर्मा सहित अनेक शिक्षाविद, चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अपने संबोधनों में वक्ताओं ने कहा कि “आरोहण” केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावी चिकित्सकों में सेवा, संस्कार, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों का संवर्धन करने का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन चिकित्सा विद्यार्थियों को उत्कृष्ट चिकित्सक बनने के साथ-साथ संवेदनशील नागरिक एवं समाज के प्रेरक नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
तीन दिनों तक चले इस कार्यक्रम में नवाचार, चिकित्सा सेवा, भारतीय जीवन मूल्य, सामाजिक समरसता, नेतृत्व विकास एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प को केंद्र में रखकर विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने चिकित्सा सेवा को मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम मानते हुए समाज, राष्ट्र और मानवता के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069























