
बाबूगढ़: होटल के संचालक के पुत्र को बोनट पर डालकर दौड़ाई गाड़ी, युवक को हाईवे किनारे फेंककर हुए फरार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर स्थित होटल के संचालक के पुत्र को नशे में धुत दो युवकों ने गाड़ी के बोनट पर डालकर गाड़ी को दौड़ा दिया और उपेड़ा फ्लाईओवर के पास फेंक कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
NH-9 पर स्थित होटल के संचालक मनोज चौधरी उर्फ गुड्डू पुत्र महेंद्र सिंह निवासी बाबूगढ़ ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि सोमवार की देर रात करीब 3:00 बजे आई-20 कार में सवार दो युवक नशे की हालत में होटल पर पहुंचे और दोनों नीचे उतरकर होटल की पार्किंग में लगे गमले में पेशाब करने लगे। जब मौके पर मौजूद गार्ड्स ने विरोध किया तो दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। तभी मनोज चौधरी उर्फ गुड्डू का पुत्र अंशुल मौके पर पहुंचा और नशेड़ियों से ऐसा न करने के लिए कहा लेकिन उन्होंने किसी की ना सुनी और अंशुल के साथ भी मार पिटाई की।
आरोपियों ने अंशुल पर कार चढ़ाने का प्रयास किया तो अंशुल गाड़ी की बोनट पर चढ़ गया जिसके बाद आरोपियों ने हाईवे पर गाड़ी दौड़ा दी। आरोपियों ने करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार पर गाड़ी को दौड़ाया। दो किलोमीटर गढ़ की ओर चलकर उपेड़ा फ्लाईओवर के पास अंशुल को हाईवे किनारे फेंक दिया। इसी बीच होटल का स्टाफ भी वाहनों से गाड़ी का पीछा करता रहा।
अंशुल के पिता ने पुलिस को मामले से अवगत कराया जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अज्ञात कार सवारों की तलाश कर रही है।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069























