
परिवारजनों ने मोहित शर्मा की मौत के लिए पुलिस को ठहराया जिम्मेदार
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ के बहुचर्चित मोहित शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग को लेकर मृतक के परिवार जनों व ब्राह्मण समाज के कुछ लोगों ने बुधवार को एसपी दफ्तर पर धरना दिया और आरोप लगाया कि मोहित शर्मा की एक षड्यंत्र के तहत निर्मम हत्या की गई है जिसकी जांच की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारी को एक ज्ञापन दिया। मृतक के परिवार जनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
हापुड़ के केशव नगर निवासी मोहित शर्मा की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को दंडित करने की मांग नगर के ब्राह्मण समाज के कुछ लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से 15 जुलाई बुधवार की सुबह एसपी दफ्तर पर पहुंचने का आह्वान किया था। इस आह्वान पर नानक चंद्र शर्मा, सभासद मोनू बजरंगी, विवेक शर्मा तथा मृतक के परिवारजन एसपी दफ्तर पहुंचे और धरना देकर न्याय की मांग की। धरने में शामिल लोग मृतक की फोटो हाथों में लिए थे।
मृतक के भाई तरुण शर्मा ने बताया कि उसका भाई मोहित शर्मा 8 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिवार जनों ने तीन दिन तक इधर-उधर भटकते रहे परंतु हापुड़ व पिलखुवा पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की। घायल अवस्था में मोहित शर्मा एक अज्ञात के रूप में चार अस्पतालों के बीच जिंदगी और मौत से जूझता रहा जब परिवार को सूचना मिली तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनकी मुख्य मांग है कि मोहित शर्मा के हत्यारे पकड़े जाएं और सजा मिले।
सीओ पिलखुवा ने बताया कि मोहित शर्मा के परिवारजन बुधवार को पुलिस अधीक्षक से मिले हैं और उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया है जिनकी जांच कराई जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि दोषी के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010
























