
पिलखुवा में पिछले कई दिनों से पानी की बर्बादी जारी
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी स्थित 20 फुटा रोड पर पिछले करीब 15 दिनों से जल निगम की घोर लापरवाही के चलते हजारों लीटर पेयजल सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है। पाइपलाइन मरम्मत के नाम पर सड़क को कई स्थानों से खोदकर छोड़ दिया गया है, लेकिन कार्य पूरा कराने की दिशा में न तो ठेकेदार गंभीर दिखाई दे रहा है और न ही जिम्मेदार अधिकारी कोई कार्रवाई कर रहे हैं। लगातार बह रहे पानी से क्षेत्र में जलभराव, कीचड़ और आवागमन की समस्या भी बढ़ गई है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जल निगम के अधिकारी और संबंधित ठेकेदार केवल आश्वासन देते रहे, लेकिन मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सरकारी संपत्ति और बहुमूल्य पेयजल की खुलेआम बर्बादी के बावजूद विभागीय अधिकारियों की चुप्पी लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार जहां “जल है तो कल है” और जल संरक्षण का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार विभागों की लापरवाही से प्रतिदिन हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल नालियों में बह रहा है। ऐसे समय में, जब पानी की एक-एक बूंद की कीमत समझाई जा रही है, सरकारी जल की यह बर्बादी बेहद चिंताजनक है।
मोहल्लावासी बबलू चौधरी, अभिषेक, अजय, उमेश, जीतू रियाज़,सचिन, मनीष और अरुण सहित अनेक क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पाइपलाइन की मरम्मत कर सड़क को दुरुस्त नहीं कराया गया और पानी की बर्बादी नहीं रोकी गई, तो क्षेत्र के लोग मजबूर होकर जन आंदोलन और प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जल निगम और संबंधित अधिकारियों की होगी।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन और बहुमूल्य पेयजल की बर्बादी पर रोक लगाई जा सके तथा आम जनता को राहत मिल सके।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559
























