
गंगा एक्सप्रेसवे पर बढ़ी निगरानी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग और यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए मुख्य सुरक्षा अधिकारी, सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक सुरक्षा अधिकारियों को तैनात किया गया है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने 594 किलोमीटर के गंगा एक्सप्रेसवे को 12 खंडों में बांटकर 24 अधिकारियों की संविदा पर तैनाती की है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ से शुरू होकर हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तक पहुंचने वाले इस एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा के इंतजामों में प्रति किलोमीटर पर उच्च क्षमता वाले एआइ कैमरों के साथ ही स्पीड नियंत्रण के लिए विशेष तकनीक वाले कैमरे लगे हैं। लोकार्पण के बाद एक्सप्रेसवे की समीक्षा में पता चला कि कई स्थानों पर कोई हादसा होने के बाद पेट्रोलिंग टीम समय से नहीं पहुंची। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए अब नए इंतजाम किए गए हैं, जिसमें चार मुख्य सुरक्षा अधिकारियों और चार सुरक्षा अधिकारियों को एक्सप्रेसवे के अलग-अलग ग्रुप एवं खंडों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं 16 सहायक सुरक्षा अधिकारियों को भी विभिन्न खंडों में तैनात किया गया है, जो सुरक्षा व्यवस्था, पेट्रोलिंग और यातायात संचालन में सहयोग करेंगे।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)























