
तीन वाहन चोरों से सात बाइकें, तमंचा व चाकू बरामद
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से विभिन्न जनपदों से चुराई गयी सात मोटरसाइकिल व अवैध असलहा बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों ने जनपद मेरठ, गाजियाबाद व हापुड़ में मोटरसाइकिल चोरी करने की घटनाओं को अंजाम दिया था।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं जिनके विरुद्ध जनपद मेरठ, गाजियाबाद व हापुड़ में चोरी व आर्म्स एक्ट आदि से सम्बन्धित करीब एक दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत है। गढ़ सीओ राहुल यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम अमरपाल उर्फ गुड्डू पुत्र देवेंद्र जाटव निवासी ग्राम बागड़पुर थाना गढ़मुक्तेश्वर, अजय पुत्र रमेश निवासी ग्राम बागड़पुर थाना गढ़मुक्तेश्वर, जितेंद्र पुत्र कुंवर सिंह निवासी ग्राम अल्लाहबख्शपुर थाना गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ है। गिरफ्तार किए गए आरोपी अमरपाल के खिलाफ सात, अजय के खिलाफ सात, जितेंद्र के खिलाफ दो मुकदमे पंजीकृत हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा मय दो जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। आपको बता दें कि गिरफ्तार किए गए आरोपी बेहद शातिर किस्म के बदमाश है जिनके खिलाफ गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ में चोरी हुए आर्म्स एक्ट से संबंधित एक दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को शनिवार को पलवाड़ा बम्बे से सलारपुर की तरफ नहर की पटरी के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
Deewan Global School, Babugarh || Admission Open: 7055651651























