
लूटपाट प्रकरण: पोते को गन पॉइंट पर लेकर मांगी थी दो करोड़ की फिरौती, परिजनों के हाथ-पैर बांधकर की लूट
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): भाजपा के वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और टिंबर व्यापारी नरेंद्र अग्रवाल कबाड़ी उर्फ लालू के यहां बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने गन पॉइंट पर परिजनों को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित व्यापारी नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि बदमाशों ने इस दौरान सवा किलो सोने के आभूषण, 10 से 15 लाख की नकदी अन्य कीमती सामान लूट लिया और फरार हो गए।
व्यापारी नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि सोमवार की रात उनका पोता करीब 11:45 बजे घर पहुंचा जिसके पीछे-पीछे चार बदमाश भी हथियार लेकर घुस आए। जिस समय बदमाश आ धमके उस दौरान वह बाथरूम में थे। इसी बीच बाथरूम का दरवाजा खटखटाया गया। वह बाहर आए तो देखा कि बदमाशों ने उनके पोते को गन पॉइंट पर लिया हुआ है। बदमाशों ने दो करोड़ की फिरौती मांगी। नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि वह दबाव में नहीं आए और उन्होंने फिरोती देने से इनकार कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने बेडशीट फाड़ी और सभी के हाथ पैर बांध दिए। इसके बाद उन्होंने उनकी पत्नी को आतंकित कर सोने की चूड़ी उतरवायी। पहले तो अलमारी से नकदी लूटी और उसके बाद सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। बदमाश एक बैग अपने साथ लाए थे और व्यापारी के यहां से एक बैग उठाया। दोनों बैग भरकर बदमाश फरार हो गए। बदमाशों ने बाहर से कुंडी लगा दी और फोन भी छीन कर कहीं और रख दिए।
इस घटना से परिजनों ने हिम्मत नहीं हारी। चौकीदार रामकुमार किसी तरह पलटी खाकर व्यापारी की पत्नी के पास पहुंचे और हाथ-पैर में बंधी पट्टी को खुलवाया। धीरे-धीरे सभी ने एक दूसरे की पट्टी खोली। इसी बीच उन्होंने अंदर से किसी तरह कुंडी खोली और अपना फोन ढूंढ कर तुरंत 112 को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। डीआईजी भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464
























