
लापरवाही: निर्माणाधीन सड़क के गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में अचपलगढ़ी के पास निर्माणाधीन पिलखुवा- फगौता मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसने एक व्यक्ति की जान ले ली। लापरवाही के कारण परिवार में मातम पसर गया। सिद्धिविनायक हॉस्पिटल अचपल गढ़ी के निकट निर्माण एजेंसी द्वारा खोदे गए गहरे गड्ढे में बाइक सहित गिरने से 42 वर्षीय विजय निवासी अचपल गढ़ी की मृत्यु हो गई। मृतक फैक्ट्री में काम करते थे जो रविवार की देर शाम बाइक से गुजर रहे थे कि रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। मौके पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल को सिद्धिविनायक हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक विजय पीछे पत्नी और दो बच्चों का परिवार छोड़ गया है। इस दुखद घटना से क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही की जांच कर कांट्रेक्टर और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
जय गुरुदेव ज्वेलर्स से खरीदें सोने, चांदी व डायमंड की ज्वेलरी: 9634998846
























