
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के रेवती कुंज में स्थित राज्य कर विभाग कार्यालय रिश्वतखोरी का अड्डा बन गया है। हापुड़ के राज्य कर विभाग में तैनात एक स्टेनो को मेरठ से आई एंटी करप्शन की टीम ने 24 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इसके बाद विभाग के अधिकारियों के भी होश उड़ गए। वह पसीना-पसीना हो गए। कई अधिकारियों के तो पैर तक कांपने लगे। एंटी करप्शन की टीम ने खंड 4 के सहायक आयुक्त जयप्रकाश के स्टेनो जयदीप कुमार पुत्र धर्मवीर सिंह निवासी ग्राम जलीलपुर मुलकटा, रजबपुर, अमरोहा को गिरफ्तार कर लिया जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
बेहद रिश्वतखोर है जयदीप:
आपको बता दें कि जयदीप बेहद भ्रष्ट स्टेनो है जो पिछले 20 दिनों से हापुड़ की मोदीनगर रोड पर स्थित फर्म सावित्री बीज भंडार के संचालक दादरी हापुड़ निवासी पीड़ित व्यापारी चमन सिंह को हड़का रहा था, धमका रहा था और कार्रवाई का डर दिखाकर ₹24,000 मांग रहा था। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि रिश्वतखोर ने उसे 8 मई को फोन कर कार्यालय बुलाया और बताया कि उसकी फर्म पर 48 हजार रुपए का जुर्माना बना है। वह 24 हजार रुपए में मामला सेटल कर देगा लेकिन पीड़ित व्यापारी घबराए नहीं जिसने कहा कि वह पहले उसे नोटिस जारी करें। रिश्वतखोर ने नोटिस जारी नहीं किया और रुपयों की मांग करता रहा। वह 20 दिन से फोन कर-करके पीड़ित व्यापारी को धमका रहा था।
कार्यालय से भागे प्राइवेट कर्मी:
पीड़ित व्यापारी एंटी करप्शन के पास पहुंचा जिसके बाद एंटी करप्शन की टीम ने रिश्वतखोर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और शुक्रवार को उसे रंगे हाथों दबोच लिया। रिश्वतखोर की गिरफ्तारी के बाद कार्यालय में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों के पसीने छूट गए। प्राइवेट कर्मचारी तो भाग खड़े हुए।
पैरवी को पहुंचे अधिकारी:
वहीं कुछ अधिकारी रिश्वतखोर की पैरवी करने के लिए हापुड़ कोतवाली तक पहुंच गए और उसे बेकसूर बताते रहे लेकिन सारे सबूतों के मद्देनजर एंटी करप्शन की टीम किसी के दबाव में नहीं आई जिसने बिना किसी पक्षपात के कार्रवाई की। हापड़ कोतवाली पुलिस ने विजिलेंस टीम निरीक्षक रेणुका सिंह की तहरीर के आधार पर रिश्वतखोर स्टेनो जयदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कई आधिकारी रडार पर:
सूत्रों ने बताया कि रिश्वतखोर लिपिक जयदीप जनपद हापुड़ में 1 साल पहले स्थानांतरित होकर आया था जो बिना रिश्वत के कोई काम नहीं करता। वह व्यापारियों को हड़का और अपना रोब जाहिर करता। इस भ्रष्ट स्टेनो के तेवर इतने ज्यादा चढ़ गए कि उसने अपने भविष्य को मात्र ₹24000 के लिए दाव पर लगा दिया। लग्जरी जीवन जीने वाला यह रिश्वतखोर बाहर आने के लिए छटपटा रहा है। ऐसे में कई और अधिकारियों के नाम भी एंटी करप्शन टीम की रडार पर हैं। मामले में अधिकारियों व रिश्वतखोर की संपत्ति की भी जांच होनी चाहिए।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068
























