
रात भर जेल में करवटें बदलते रहा रिश्वतखोर एसीओ जयवीर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के खादर क्षेत्र के गांव मुकीमपुर कुतुबपुर में किसान से रिश्वत लेता रंगे हाथों पकड़ा गया सहायक चकबंदी अधिकारी को एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। रात भर रिश्वतखोर एसीओ जयवीर सिंह जेल में करवटें बदलते रहा जो बाहर आने के लिए तड़प रहा है। चादर तानकर ऐसी में सोने वाला जयवीर सिंह लग्जरी जीवन जीने का आदी है जो सलाखों के पीछे बेचैन दिखाई दिया। एंटी करप्शन की टीम कई सवालों का जवाब तलाश रही है। किसकी शह पर जयवीर सिंह ने रिश्वत ली?,साथ ही जयवीर से उसकी संपत्ति का ब्यौरा भी पूछा जा रहा है।
गांव भगवंतपुर निवासी किसान जरनैल सिंह ने बताया कि गांव भगवंतपुर कुतुबपुर में उनकी 26 बीघा कृषि भूमि है। किसान ने बताया कि चक एक ही जगह करने के लिए ऐसीओ से कहा था तो उसने एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। वह किसान को लगातार परेशान करता रहा। काफी बातचीत के बाद सौदा 40 हजार रुपए में तय हुआ। उसके बाद पीड़ित किसान ने आरोपी से तंग आकर एंटी करप्शन टीम मेरठ को सूचना दी। शिकायत के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उसे मंगलवार को रंगे हाथों रिश्वत लेते दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को गढ़ कोतवाली लाया गया जहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को रिश्वतखोर को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से अन्य कर्मचारियों व अधिकारियों में भी हड़कंप है जिनकी रातों की नींद उड़ी हुई है।
घुटनों के दर्द, स्लिप डिस्क से परेशान तो आधुनिक मशीनों द्वारा कराएं फिजियोथैरेपी: 7417230216


























