
शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, ग्राम प्रधानों और वार्ड मेंबरों संग हुई महत्वपूर्ण बैठक
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान के नेतृत्व में रविवार को परिसर में क्षेत्र की शांति व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के वार्ड मेंबरों, ग्राम प्रधानों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा पुलिस-प्रशासन को हर स्तर पर सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक के दौरान कोतवाली प्रभारी अतुल चौहान ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय रहते सूचना मिलने पर पुलिस त्वरित कार्रवाई कर किसी भी बड़ी घटना को रोक सकती है।
कोतवाली प्रभारी ने विशेष रूप से ग्राम प्रधानों और वार्ड मेंबरों से अपने-अपने क्षेत्रों में चौकीदारी व्यवस्था को और मजबूत कराने में सहयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि रात के समय चौकसी बढ़ने से चोरी, आपराधिक घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सक्रिय निगरानी व्यवस्था कानून व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा, “पुलिस प्रशासन क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सक्रिय और प्रतिबद्ध है। पुलिस और जनता के बीच मजबूत समन्वय अपराध नियंत्रण की सबसे बड़ी ताकत है। समाज में माहौल खराब करने वालों, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
बैठक में उपनिरीक्षक इज़हारुल इस्लाम भी मौजूद रहे। बैठक में शामिल प्रमुख लोगों में मेंबर जहीरूद्दीन, मेंबर इकराम, मेंबर अंशुल मित्तल, मेंबर चेतन राणा, वरुण शर्मा, ग्राम प्रधान मुकेश कुमार, प्रधान अभिषेक, प्रधान उपेंद्र राणा, समाजसेवी विश्व प्रकाश शर्मा, गौरव शर्मा, अजय एवं योगेश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति, भाईचारा और सुरक्षा बनाए रखने के लिए वह लगातार लोगों को जागरूक करेंगे तथा पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।
पिलखुवा कोतवाली में आयोजित यह बैठक पुलिस प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली और जनसहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर इस प्रकार की संवाद बैठकें आयोजित किए जाने से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है और कानून व्यवस्था पर लोगों का विश्वास बढ़ता है।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559

























