
सहकारी बैंक द्वारा बढ़ाई गई ब्याज दर के विरोध में ग्राम नवादा में हुई बड़ी पंचायत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): ग्राम नवादा, हापुड़ में आयोजित किसान पंचायत में सहकारी बैंक समिति द्वारा बढ़ाई गई ब्याज दर का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पंचायत का संचालन पपेंद्र सिंह द्वारा किया गया, जबकि अध्यक्षता प्रदेश सचिव उदयवीर सिंह ने की।
गौरव चट्ठा ने बताया कि पहले उन्हें 3% ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाता था, जिसे बढ़ाकर 7% कर दिया गया है। साथ ही 4% ब्याज वापसी का वादा किया गया था, जो अब तक पूरा नहीं किया गया है।
पंचायत में उपस्थित विनय बाना ने कहा कि विभागीय मंत्री द्वारा आदेश जारी होने के बावजूद भी किसानों से 7% ब्याज वसूला जा रहा है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
पंचायत के मुख्य अतिथि एकलव्य सिंह सहारा ने अपने संबोधन में बताया कि आज सुबह सीडीओ श्रुति शर्मा से वार्ता हुई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हापुड़ प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान नहीं करता है, तो किसान बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
उन्होंने कहा कि हापुड़ के किसानों ने पहले भी नैनो यूरिया को रोकने का काम कर दिखाया है, इसलिए यह संघर्ष भी किसानों के लिए कोई बड़ा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “हम केवल आश्वासन लेने वाले नहीं, बल्कि काम करवाने वाले हैं। प्रशासन इस बात को भली-भांति जानता है, इसलिए हमें मजबूर न किया जाए।”
साथ ही उन्होंने सभी किसानों से गांव-गांव बैठकों के माध्यम से आगामी संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
विनय बाना ने कहा कि जब मुज़फ़्फ़रनगर और बिजनौर जैसे जिलों में 3% ब्याज दर तत्काल लागू की जा सकती है, तो हापुड़ में इसे लागू करने में देरी समझ से परे है।
भवेंद्र सिसोदिया ने सभी किसानों से एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया और प्रशासन से जल्द से जल्द न्यायपूर्ण निर्णय लेने की मांग की।
इस दौरान जगदीश पाल सिंह, चौधरी भगत राम, मनिंदर मसंद, रविंदर चौधरी, साजिद ख़ान, दीपक सिद्धू, विनोद धारीवाल, अनुज धारीवाल, सचिन खरोड़, अमरजीत सिंह, रिंकू प्रधान, प्रिंस मसंद, सूरजवीर सिंह अनिल चौधरी सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।
Deewan Global School, Babugarh || Admission Open: 7055651651
























