
ईओ हापुड़ का आवास किसी शीश महल से कम नहीं
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): नगर पालिका परिषद हापुड़ के अधिशासी अधिकारी के आवास पर नजर डाले तो यह आवास किसी शीश महल से कम नहीं हो सकता क्योंकि इस आवास पर नगर पालिका हर वर्ष रख-रखाव के नाम पर करीब 10-12 लाख रुपए खर्च करती है और ज्यादा भी हो सकते हैं।
नगर पालिका परिषद हापुड़ के अधिशासी अधिकारी का आवास किसी शीश महल से काम नहीं है जिस पर जीर्णोद्धार, रंगाई-पुताई तथा मरम्मत के नाम पर पैसा पानी की तरह बहाया जा रहा है। पूर्व अधिशासी अधिकारी जे के आनंद व संजय मिश्रा के कार्यकाल के दौरान शुरू हुआ यह सिलसिला अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है।
शीश महल की खास बात यह है कि गत वर्ष नगर पालिका परिषद हापुड़ बोर्ड बैठक में आवास को तोड़कर निर्माण कराया गया। हापुड़ विकास प्राधिकरण से पुनः निर्माण का मानचित्र भी स्वीकृत नहीं कराया गया है और न हीं प्रदेश सरकार से पुनः निर्माण की अनुमति ली गई है।
20 जुलाई 2024 को बोर्ड बैठक में मरम्मत रंगाई-पुताई अधिशासी अधिकारी आवास के नाम पर 5 लाख 68 हजार 870 रुपए खर्च करने का प्रस्ताव पास किया गया। इसके बाद 15 फरवरी 2025 की बोर्ड बैठक में आवास के जीर्णोद्धार हेतु 38 लाख 35 हजार 927 रुपए का प्रस्ताव पास किया गया था और अब फिर 4 अप्रैल 2026 की बोर्ड बैठक में मरम्मत के नाम पर 9 लाख 75 हजार रुपए के प्रस्ताव पर मुहर लगी है।
इससे पूर्व भी गत वर्षों में करीब 50 लाख रुपए ईओ के आवास पर जीर्णोद्धार के नाम पर परिषद खर्च कर चुकी है। अब तो संजय मिश्रा एक बार फिर हापुड़ आकर इस शीश महल में रह रहे हैं और लग्जरी लाइफ जी रहे हैं।
नगर उपभोक्ता संघ हापुड़ के अध्यक्ष विनोद गुप्ता ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अधिशासी अधिकारी के आवास पर गत एक दशक में हुए खर्च का भौतिक सत्यापन करने की मांग की है।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069

























