
मेधावी छात्र सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में सरस्वती शिशु मंदिर हापुड़ के पांच रत्न टॉप-10 मेरिट में हुए शामिल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): विद्या भारती शिशु शिक्षा समिति प०उ० प्र० प्रांत के शिक्षा जगत में सरस्वती शिशु मंदिर, मोदीनगर मार्ग हापुड़ के कक्षा पंचम के विद्यार्थियों ने अपनी श्रेष्ठता का परचम लहराया। फरवरी में प्रांतीय स्तर पर हुई आयोजित मेधावी छात्र सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में विद्यालय के छात्रों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है।
इस परीक्षा में प०उ० प्र० प्रांत के 16 जनपदों से 44 विद्यालयों के 392 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। 392 प्रतिभाशाली छात्रों के बीच हुई इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में सरस्वती शिशु मंदिर ,मोदीनगर मार्ग हापुड़ के कक्षा पंचम के विद्यार्थी ,आरवि सिंह (प्रथम स्थान), समक्ष महेरिया (द्वितीय स्थान), आदि जैन, मायरा, स्पर्श ने अपनी कुशल बुद्धि और कड़ी मेहनत का लोहा मनवाया।
सबसे गर्व की बात यह रही कि पूरे प्रांत की टॉप 10 मेरिट लिस्ट में सरस्वती शिशु मंदिर ,मोदीनगर मार्ग हापुड़ के 5 सितारों ने अपना स्थान बनाकर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि दिखाती है कि विद्यालय न केवल संस्कार बल्कि उत्कृष्ट शिक्षा में भी सबसे आगे है।
इस शानदार कामयाबी पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष संजय कृपाल गर्ग जी एवं प्रबंधक कपिल सिंघल जी ने बाल नक्षत्रों को शुभकामनाएं दी एवं उज्जवल भविष्य की कामना की और मेधावी छात्रों को पुरस्कृत करने की घोषणा की।
इस स्वर्णिम सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव फोगाट जी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, यह हमारे छात्रों की कड़ी मेहनत, अनुशासित जीवन और आचार्य बंधुओं के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का प्रतिफल है। हमारे विद्यालय का लक्ष्य छात्रों का सर्वांगीण विकास करना है।



























