
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के मीरा रेती निवासी जूनियर अधिवक्ता को आधा दर्जन से अधिक युवकों ने रंजिशन हमला कर घायल कर दिया। गंभीर हालत में चिकित्सकों ने जूनियर अधिवक्ता को मेरठ के लिए रेफर कर दिया जहां उनका उपचार चल रहा है।
मीरारेती निवासी जितेंद्र कुमार राणा कचहरी में जूनियर अधिवक्ता है। शनिवार की सुबह वह पास के गांव करावली के जंगल में स्थित अपने खेत पर फसल की सिंचाई करने के लिए गए थे। उनके परिजनों ने बताया कि खेत पर पहुंचते ही वहां पर पहले से ही मौजूद नगर के ही करीब आधा दर्जन युवकों ने जितेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों के हमले से जितेंद्र बेहोश हो गए। किसानों ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद खेतों पर पहुंचकर परिजनों ने घायल को गढ़ सीएचसी में भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जितेंद्र को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मामले की जांच जारी है।

























