
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव खेड़ा की रहने वाली 19 वर्षीय रितु तोमर निवासी किसान पप्पन तोमर, हिंदू कन्या इंटर कॉलेज पिलखुवा में इंटर की छात्रा है जिसने परीक्षा शुरू होने से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को मेरठ के सरधना क्षेत्र में गंग नहर में छलांग लगा दी। स्थानीय गोताखोर और पीएसी की मदद से बुधवार की देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन छात्रा का सुराग हाथ नहीं लगा। छात्रा की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
ऋतु के भाई मोहित तोमर ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 8:00 बजे रितु अपनी एक सहपाठी सहेली से परीक्षा के नोट्स लेने के बहाने घर से निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो चिंता होने लगी। तलाश के बीच मंगलवार की दोपहर लगभग 12:00 बजे रितु ने अपने भाई मोहित को फोन किया जिसने बताया कि वह इस समय मेरठ में है। बातचीत के दौरान रितु काफी परेशान लग रही थी। उसने भाई से कहा कि वह बोर्ड परीक्षा को लेकर भारी मानसिक तनाव में है और उसके सिर में तेज दर्द हो रहा है। मोहित ने उसे तुरंत घर लौटने को कहा लेकिन इसके कुछ देर बाद रितु मेरठ करनाल हाईवे पर सरधना थाना क्षेत्र स्थित नानू गंग नहर पुल पर पहुंची और गहरे पानी में छलांग लगा दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। फिलहाल रितु की तलाश की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जिसमे छात्रा दिखाई दे रही है।

























