
12 महिलाओं के नाम पर फर्जी तरीके से लिया लोन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): आर्थिक ग्रुप से कमजोर जनपद हापुड़ की 12 महिलाओं के नाम पर फर्जी तरीके से लोन निकालने का मामला सामने आया है। महिलाओं ने मामले की शिकायत हापुड़ के पुलिस अधीक्षक से की है और न्याय की गुहार लगाई है। मामले में जांच जारी है।
मोहल्ला शिवचरणपुरा की भाग्यश्री, मोनिका, अयोध्यापुरी की मुनेश देवी, किशनगंज की रजनी, प्रेमवती, उमा सैनी, दीपा, गीता, अहाता सादक अली की नेहा, मीनाक्षी रोड की सविता, शीला, नवी करीम की सोया ने बताया कि वह घर-घर जाकर काम करके अपने परिवार का पालन पोषण करती है। मोहल्ले में रहने वाली एक महिला और उसकी बहन का घरों में आना जाना था। आरोप है कि महिला ने उसकी बहन की बैंकों में अच्छी जान पहचान होने का दावा किया और समूह लोन दिलाने का भरोसा दिलाया। झांसे में आकर महिला ने अपनी जरूरत बताई तो उनसे आधार कार्ड पैन कार्ड ले लिए। बाद में महिलाओं को बताया कि उनका क्रेडिट स्कोर काफी कम है। ऐसे में लोन नहीं हो सकता लेकिन जब एजेंट किस्त मांगने के लिए उनके घर पहुंचे तो उन्हें असलियत का पता चला। बताया जा रहा है कि कुल 12 महिलाओं के नाम पर फर्जी तरीके से लोन लिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर महिलाओं के होश उड़ गए जिन्होंने हापुड़ एसपी से कार्रवाई की मांग की है।

























