हापुड़ कोतवाली के गांव सरावा में सोमवार को दिन छिपने के बाद मामूली बात पर दो सम्प्रदायों के लोगों के मध्य हुए सशस्त्र संघर्ष के दौरान चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। गांव सरावा में पुलिस बल तैनात किया गया है। संघर्ष के दौरान चाकू, लाठी-डंडों व धारदार हथियारों का खुलकर प्रयोग किया गया।
पुलिस के अनुसार गांव सरावा में आशाराम त्यागी घर के गेट पर खड़े थे और पड़ोस से प्रशांत दूध लेने के लिए आया तो इमरान ने छींटाकसी शुरु कर दी जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। शोर सुनकर आशाराम का बेटा प्रयास उर्फ चक्की तथा जोनी भी आ गए और बीच बचाव करने लगे। इसी बीच इमरान के सैंकड़ों समर्थक चाकू, लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से लैस होकर आ गए और हमला कर दिया। आरोपियों के पथराव से भगदड़ मच गई। इस संघर्ष में आशाराम त्यागी व उसका बेटा चिक्की, प्रशांत व जोनी घायल हो गए।
पुलिस व प्रशासन के आला अफसर मौके पर पहुंचे और आरोपी इमरान सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आशाराम ने 14 आरोपियों को नामजद करते हुए सैंकड़ों लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।

























