
ठेके संचालक से रंगदारी मांगने के मामले में मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र की बागड़पुर रोड पर स्थित कंपोजिट शराब की दुकान के संचालक से कुछ लोगों ने रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर उन्होंने दुकान का गल्ला लूट लिया और दुकान में तालाबंदी कर सेल्समैन के साथ अभद्रता की। दो बार इस घटना के होने पर पीड़ित न्यायालय की शरण में पहुंचा और कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाबूगढ़ छावनी निवासी जॉनी कुमार ने बताया कि बागड़पुर रोड पर उनकी कंपोजिट शराब की दुकान है। आरोप है कि विपिन निवासी गांव ततारपुर अपने दो साथियों के साथ उनकी दुकान पर पहुंचा और दुकान चलाने की एवज में एक लाख रुपए की रंगदारी मांगी। सेल्समेन सुशांत कुमार ने मामले की जानकारी जॉनी को दी और आरोप लगाया कि रंगदारी न देने पर धमकी दे रहा है।
20 जुलाई 2025 की रात विपिन दुकान में जबरन घुस आया और सेल्समैन को बाहर निकाल दिया। इस दौरान आरोपी दुकान के गल्ले में रखी ₹60,000 की नगदी और चेक बुक लूट कर फरार हो गए। उसके बाद ग्राहकों को भी धमकी देकर दुकान का ताला लगाकर चाबी अपने साथ ले गया। ग्रामीणों को समझाने पर आरोपी ने दुकान की चाबी वापस कर दी। वहीं 24 जुलाई की रात करीब 9:15 बजे आरोपी दुकान में जबरन घुस गया और बीयर पीने लगा। विरोध करने पर उसने सेल्समैन को डराया व धमकाया। गल्ले में रखी नकदी लूट ली और फरार हो गया। मजबूरन ठेके संचालक ने न्यायालय की शरण ली और कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने विपिन और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैटरिंग के लिए संपर्क करें राधे कृष्णा कैटर्स: 9897892601

























