
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय किसान यूनियन द्वारा ग्राम चौपाल बैठक – 2 का आयोजन ग्राम नगोला में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बैठक के मुख्य अतिथि युवा प्रदेश उपाध्यक्ष एकलव्य सिंह सहारा रहे तथा संचालन रिंकू त्यागी द्वारा किया गया।
बैठक में ग्रामीणों ने मुख्य रूप से हापुड़ तहसील में चल रहे भ्रष्टाचार एवं शुगर मिल द्वारा किसानों के शोषण की समस्याओं को खुलकर उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि तहसील में पटवारी, लेखपाल एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा ऑनलाइन सिस्टम के नाम पर रिश्वतखोरी चरम पर है। रिकॉर्ड में जानबूझकर ग़लत नाम चढ़ा दिए जाते हैं और उन्हें सही कराने के लिए किसानों से पैसे मांगे जाते हैं। यदि किसान रिश्वत न दे तो उन्हें महीनों तहसील के चक्कर काटने पड़ते हैं।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने कहा —
“आपकी दो पंचायतें देखी हैं, आप आश्वासन पर नहीं बल्कि समाधान के बाद ही घर लौटते हैं।” इस जमीनी नेतृत्व से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण की।
बैठक की अध्यक्षता सेवकराम त्यागी ने की। उन्होंने कहा “हम सभी ग्रामीण संकल्प लेते हैं कि आगामी सभी पंचायतों में भारी संख्या में भाग लेंगे और संगठन को मज़बूत बनाएंगे।”
एकलव्य सिंह सहारा ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा —
“ग्राम चौपाल कार्यक्रमों के माध्यम से इन भ्रष्ट कर्मचारियों की मानसिकता ठीक की जाएगी। संबंधित अधिकारियों से मिलकर ठोस कार्रवाई की मांग की जाएगी और हर गांव की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा।” इस अवसर पर अनेक सम्मानित ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं: गिरीश प्रमुख, सुरेंद्र प्रधान, दीपक शर्मा, कैलाश त्यागी, महेश त्यागी, शिवप्रकाश त्यागी, सुभाष त्यागी, रविन्द्र त्यागी, बलकेश त्यागी, आशीष त्यागी, हरिओम त्यागी, मुनेश्वर त्यागी, लोकेश प्रधान, पोदन प्रधान, उमेश प्रधान, शौक़ीन प्रधान, शेखर चौधरी, भूपेन्द्र सिंह, धर्मेंद्र चौधरी आदि।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264






























