
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर नगर पालिका के चेयरमैन राकेश बजरंगी की कार्यप्रणाली के खिलाफ व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया। मंगलवार को व्यापारी एकत्र हुए और उन्होंने नगर पालिका के चेयरमैन का घेराव कर जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि चेयरमैन बनने के बाद राकेश बजरंगी ने एक बार भी उनके क्षेत्र का निरीक्षण नहीं किया। पहले बड़े-बड़े दावे व वादे किए थे लेकिन अब उनकी सुनने को कोई तैयार नहीं है। ऐसे में उन्होंने भाजपा विरोधी नारे भी लगाए। व्यापारियों ने बताया कि पुरानी मंडी की स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी है, सड़के जर्जर हालत में है, पीने को पानी नहीं हैं जिनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
मंगलवार को अपनी-अपनी समस्या लेकर व्यापारीवर्ग राकेश बजरंगी से मिला जहां उन्होंने चेयरमैन की कार्य प्रणाली के खिलाफ जमकर आवाज उठाई और अपना विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर कहासुनी भी हुई। चेयरमैन ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन व्यापारियों ने अपनी समस्या को जोर-शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि एक बार भी चेयरमैन बनने के बाद राकेश बजरंगी ने इलाके का निरीक्षण नहीं किया। इसी के साथ वह बोले की स्ट्रीट लाइट खराब हालत में है। सड़क जजर अवस्था में है। इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। पीने के पानी के लिए लोगों को भटकना पड़ता है। इसका जिम्मेदार कौन है?
जब व्यापारियों ने भाजपा विरोधी नारे लगाए, भाजपा के बहिष्कार करने की बात कही तो भाजपाईयों में खलबली मच गई। चेयरमैन राकेश बजरंगी ने बताया कि पुरानी मंडी की जर्जर सड़क के निर्माण के लिए एचपीडीए से पत्राचार किया गया था लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। अब जल्द ही वह सड़क की मरम्मत का प्रयास कर रहे हैं।
व्यापारियों के विरोध की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी जिससे राजनीतिक गलियारे में हलचल तेज हो गई है।
कैटरिंग के लिए संपर्क करें राधे कृष्णा कैटर्स: 9897892601

























