वन संरक्षण पर छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड के आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता समिति, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति, एक्टिविटी क्लब के सदस्यों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एक के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका हापुड की अध्यक्षा पुष्पा देवी ने मां सरस्वती को पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया। महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संगीत विभाग एवं साहित्यिक- सांस्कृतिक समिति की अध्यक्षा प्रो. जया शर्मा के निर्देशन में छात्राओं ने संकल्प गीत ‘आओ पेड़ लगाएं ‘की मनोरम प्रस्तुति दी। पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता समिति की अध्यक्षा प्रोफेसर अमिता शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण पर वक्तव्य प्रस्तुत किया तथा वृक्षारोपण की महत्ता को रेखांकित किया। छात्राओं ने वृक्ष संरक्षण से संबंधित काव्य पाठ एवं गीत गए। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. साधना तोमर ने वृक्षों के पौराणिक महत्व एवं लगभग दो- तीन दशक पूर्व वृक्षों की बहुतायत उपस्थिति की याद दिलाते हुए तत्कालीन पर्यावरण को याद किया। उन्होंने सभी से यह आग्रह किया कि वृक्ष लगाने के साथ उसका संरक्षण भी करें तभी उनकी उपयोगिता और सार्थकता है। नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती पुष्पा देवी ने वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी से आग्रह किया तथा छात्राओं को अपना शुभ आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की अधिकारी डॉ. सर्वेश ने किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना की अधिकारी डॉ.सर्वेश के नेतृत्व में छात्राओं ने नगर में वृक्ष संरक्षण से संबंधित एक जागरूकता रैली निकाली। कार्यक्रम की समाप्ति पर अतिथियों तथा छात्राओं ने वन विभाग से प्राप्त वृक्षों का रोपण महाविद्यालय में किया तथा उसे संरक्षित करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में प्रो. अरुणा शर्मा, प्रो. संगीता अग्रवाल, प्रो. आभा शुक्ला कौशिक,प्रो. वसुधा श्री, प्रो. करुणा गुप्ता, प्रो. सीमा सिंह, प्रो. मनीला रोहतगी,प्रो. अपर्णा त्रिपाठी, डॉ. रुचि त्यागी, डॉ. अलका, प्रो. सरोजिनी,डॉ .मीनू,डॉ. प्रियंका सोनकर, डॉ. रश्मि ,डॉ. धनेश्वरी तथा महाविद्यालय के कर्मचारीगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264
अपने पैट्स व पशुओं का कराएं डिजिटल एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ब्लड जांच: 8865800700


























