अंकित जाटव के परिजनों ने किया एसपी कार्यालय का घेराव
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र की मेरठ रोड पर स्थित पुलिस लाइन के पास 21 अप्रैल को हुए सड़क हादसे में पीएसी जवान अंकित राव जाटव की मौत हो गई थी। अंकित जाटव पीएसी का जवान था जिसके परिजनों ने मामले में न्याय की मांग की है और मुकदमे में एससी एसटी एक्ट व अन्य धाराओं को बढ़ाने की मांग को लेकर मंगलवार को एसपी कार्यालय का घेराव किया। शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत ने बताया कि संगठन के कार्यकर्ता, पदाधिकारी तथा अंकित राव जाटव के परिजन मंगलवार की सुबह हापुड़ की दिल्ली रोड पर स्थित रामलीला मैदान में एकत्र हुए जहां से वह पैदल मार्च करते हुए हापुड़ के एसपी कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव कर मामले में एससी एसटी एक्ट और अन्य धाराओं को बढ़ाने की मांग के साथ-साथ पुलिस की कार्यशैली पर भी कई सवाल खड़े किए।
जब सभी लोग एसपी कार्यालय पहुंचे तो क्षेत्राधिकारी हापुड़ वरुण कुमार मिश्रा ने सभी को समझाया और बताया कि पुलिस निष्पक्षता के साथ कार्य कर रही है। सीओ के समझाने के बाद सभी वापस लौट आए।
शोषित क्रांति दल का आरोप है कि अंकित जाटव की मौत के मामले में पुलिस ने लापरवाही बरती है। ऐसे में उन्होंने एसएचओ देहात और विवेचक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोनों को निलंबित करने की मांग की है। साथ ही 50 लाख रुपए मुआवजे दिलाने की मांग के साथ-साथ मुकदमे में एससी-एसटी व अन्य धाराएं बढ़ाने के लिए भी पुलिस अधीक्षक के नाम एक पत्र अधिकारियों को सोपा है।
99 स्टोर मिनी मॉल से 99 में खरीदें अधिकांश सामान: 81918 20867

























