हापुड, सीमन (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड के थाना बहादुरगढ़ पुलिस व जनपदीय एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने एक ऐसे अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गैंग के दो लोगों को गिरफ्तार किया है जो छत्तीसगढ से गांजा लाकर एनसीआर में बेचकर भारी मुनाफा कमाते थे।पुलिस गैंग के 2-3 अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।पुलिस ने पकड़े गए नशे के सौदागरों के कब्जे से 16 लाख रुपए मूल्य का करीब 63 किलोग्राम अवैध गांजा ,दो मोबाईल फोन व घटना में प्रयुक्त बिना नम्बर की मोटर साइकिल बरामद की है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर ने बताया कि थाना बहादुरगढ पुलिस और जनपदीय एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम रविवार की रात को चैकिंग कर रही थी कि एक बाइक पर सवार मादक पदार्थ दो तस्कर पुलिस ने दबोच लिए। पकडे गये नशे के सौदागर जनपद मेरठ के थाना खेकडा के गांव साकरौंद का रिजवान व थाना लोनी के गांव इकराम नगर का जावेद है।गांजा तस्करों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ राज्य से अवैध गांजा तीन हजार रुपए प्रति किलो की दर से खरीद कर लाते थे और फिर गांजा को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों और दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में 7 से 10 हजार रूपए प्रति किलो में बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।पुलिस अन्य लोगों की तलाश में छापामारी कर रही है।पुलिस ने पकड़े गए मादक पदार्थ तस्करों को जेल भेज दिया है।
























